रायपुर। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत 07 नवनिर्मित सामुदायिक भवनों का लोकार्पण आज एक ही दिन पृथक-पृथक वार्डों में किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान इन सभी सामुदायिक भवनों को जनता की सेवा में समर्पित किया गया।
कुल 90 लाख की लागत से बने हैं 7 भवन
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दर्री जोन में इन भवनों का निर्माण कराया गया है:-
वार्ड क्र. 55 सलिहाभांठा’ में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन
वार्ड क्र. 55 नागिनभांठा बस्ती’ में उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप पटेल समाज हेतु 10 लाख की लागत से भवन
वार्ड क्र. 54 जमनीपाली हाउसिंग बोर्ड कालोनी’ में 10 लाख की लागत से भवन
वार्ड क्र. 54 गोपालपुर’ में माता चौरा के पास 10 लाख की लागत से अहातायुक्त सामुदायिक भवन
वार्ड क्र. 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर साडा’ में शिव मंदिर के समीप 15 लाख की लागत से भवन
वार्ड क्र. 59 दर्रीखार क्र. 01’ में कन्या शाला के समीप 25 लाख की लागत से भवन
वार्ड क्र. 60 प्रगतिनगर लेबर कालोनी दर्री’ में 10 लाख की लागत से उड़िया समाज के लिए सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने सामुदायिक भवनों की सौगात के लिए उद्योग मंत्री और महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया।
’आमजन को अधिकाधिक सुविधाएं देना हमारा प्रथम लक्ष्य: मंत्री देवांगन’ - कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जनताजनार्दन को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी विकास संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना मेरा प्रथम लक्ष्य है। इसी लक्ष्य को सामने रखकर निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन से विगत ढाई वर्षों के दौरान निगम क्षेत्र में 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें से कई पूर्ण हो चुके हैं, कुछ प्रगति पर हैं और शेष निविदा प्रक्रिया में हैं।
← Back to Home